*दुर्वासा ऋषि आश्रम दोवा धाम पर हुई भाकियू अराजनैतिक की किसान पंचायत*

*बिधूना,औरैया।* किसानों के मसीहा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चरण सिंह की जयंती के मौके पर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की किसान पंचायत दुर्वासा ऋषि आश्रम दोवा धाम पर आयोजित हुई जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चरण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किसान हित में किए गये उनके योगदान की सराहना की गई। किसान पंचायत में किसानों की समस्याओं पर चर्चा किए जाने के साथ कई लोगों को यूनियन की सदस्यता दी गई और पदाधिकारी भी बनाए गयें। .इस भाकियू अराजनैतिक की किसान पंचायत के मौके पर संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि खेती पर लागत बढ़ने के बावजूद किसानों को फसल का वाजिब मूल्य नहीं मिल पा रहा है जिससे किसान लगातार कर्जदारी और आर्थिक तंगी के जाल में फंसते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाद बीज की किल्लत और कालाबाजारी बंबों में सिंचाई के लिए टेल तक पानी न पहुंचने व आवारा पशुओं की समस्या समेत विभिन्न समस्याओं से जूझना किसानों की नियत बन चुकी है। जिलाध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि भाकियू अराजनैतिक किसानों के हक अधिकार के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है और जब तक किसानों की समस्याएं नहीं सुलझती तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों से हक अधिकार की इस लड़ाई के लिए किसानों को एकजुट करने का भी आवाहन किया। इस मौके पर भाकियू अराजनैतिक के प्रदेश सचिव डॉ अनिल कुमार यादव, संरक्षक हरगोविंद सिंह सेंगर, डॉ धीरेंद्र सिंह सेंगर, भाकियू अराजनैतिक के तहसील अध्यक्ष दया कृष्ण यादव नीटू, अनिल कुमार सिंह सेंगर, ऐरवाकटरा ब्लॉक अध्यक्ष अमित कुमार यादव,करन सिंह शाक्य, विश्राम सिंह यादव, अरविंद सिंह व रामनिवास यादव आदि प्रमुख किसान नेताओं के साथ भारी संख्या में किसान मौजूद थे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह यादव द्वारा विश्राम सिंह यादव निवासी गोला नगला समेत कई लोगों को सदस्यता ग्रहण कराई गई साथ ही विश्राम सिंह यादव को ग्राम पंचायत अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।