*औरैया।* शहर के मोहल्ला विधि चंद्र निवासी एक युवक शनिवार की शाम परिजनों से किसी बात पर नाराज होकर घर से निकला था। रात्रि के समय उसने मोबाइल फोन पर आत्महत्या करने की धमकी दी। इसके साथ ही कोई बात नहीं सुनकर उसने फोन काट दिया। परिजन उसकी इधर-उधर रात भर तलाश करते रहे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। रविवार की सुबह शेरगढ़ घाट यमुना नदी के किनारे रेत पर शव पड़े होने की जानकारी हुई। जिस पर परिजनों ने जाकर उसकी शिनाख्त की। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम करने से मना कर दिया। युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। . शहर के मोहल्ला विधीचंद्र निवासी विपिन कुमार ने कोतवाली पुलिस को बताया कि शनिवार की देर शाम पुत्र श्रेयश उर्फ कृष्णा सोनी (18) घर से निकला था। देर रात लगभग 10 बजे उसने फोन पर आत्महत्या करने की धमकी दी। इससे पहले कि वह उससे कुछ बात कर पाते फोन काट दिया। पूरी रात श्रेयश की तलाश परिजनों ने की। लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रविवार की सुबह लगभग आठ बजे यमुना नदी किनारे रेत पर युवक का शव मिलने की जानकारी हुई। जब वह और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान श्रेयश के रूप में की गई। इधर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने परिजनों से पूछताछ की। श्रेयश के शव को लेकर परिजन घर आए। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम न कराने की बात पुलिस से कही और दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार किया। कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि युवक ने देर रात यमुना नदी पुल से यमुना में छलांग लगाई। रविवार की सुबह नदी किनारे रेत पर शव मिलने की जानकारी मिली थी।